Pages

Tuesday, November 13, 2018

दिवाली : मिलाड को मेरा खुला प्रेम पत्र



 (फेसबुक लिंक)

"एक रहीन ईर, एक रहीन बीर, एक रहीन फत्ते, एक रहे हम.
ईर कहे चलो लकड़ी काट आएँ, बीर कहे चलो लकड़ी काट आएँ, फत्ते कहे चलो लकड़ी काट आएँ... हम कहा चलो हमऊँ लकड़ी काट आएँ"

पिछले कुछ समय से जिस प्रकार लोग #ओपन_लेटर- ओपन लेटर खेल रहे हैं.. उसे देखते हुए कवी हरिवंश राय बच्चन जी की इन पंक्तियों इस प्रकार भी बदला जा सकता है -

एक रहीन रवीश, एक रहीन बरखा, एक रहीन राजदीप, एक रहे हम.
रवीश कहें चलो ओपन लेटर लिखा जाए, बरखा कहें चलो ओपन लेटर लिखा जाए, राजदीप कहें चलो ओपन लेटर लिखा जाए... हम कहे चलो #खुला_पत्र लिखा जाए.

अब समस्या ये थी कि लिखें तो किसे लिखें? तो स्मरण आया कि हजूर #मिलाड से कुछ बातें कहनी थीं... इस कार्य हेतु इससे अच्छा अवसर क्या मिलता. तो #हजूर_मिलाड...

"के मेरा #प्रेम_पत्र पढ़कर, के तुम नाराज़ ना होना..."

वैसे, मुझ जैसों को 'कम्युनल' होने का लेबल मिल ही चुका है, तो बिना लोक-लज्जा और पोलिटिकली करेक्ट हुए, पत्र का "श्री गणेश" करते हैं...

माननीय #मिलाड_जी,

कुछ वर्षों पूर्व से #दीपावली पर लोगों को पर्यावरण की अत्यधिक चिंता सताने लगी है. वैसे तो हर हिन्दू त्यौहार पर लोगों को पर्यावरण की टांग टूटते दिखती है, परन्तु दिवाली पर इन कुछ लोगों की चिंता विशेषकर वायु प्रदूषण सम्बंधित होती है. इन चिन्ताओं और इन चिंताओं पर गहन मंथन से उपजे परिणाम को इस प्रकार व्यक्त किया जा सकता है...

"एक रहे #लिबरल, एक रहे #एलिटिस्ट, एक रहे #पत्रकार, एक रहे मिलाड
लिबरल कहें चलो पटाखे बैन करवाएँ, एलिटिस्ट कहें चलो पटाखे बैन करवाएँ, #पत्तलकारकहें कहें चलो पटाखे बैन करवाएँ... मिलाड कहे चलो हमऊं पटाखे बैन करवाएँ"

अब हजूर, माईबाप, सरकार... लोग इतने उजड्ड हैं कि आप के #हुकुम की पटाखों के साथ-साथ धज्जियाँ उड़ा दिये... पूरा धुआँ-धुआँ कर दिए. ना केवल इतना, जनता आप की इस #आज्ञा को - १. अ-लोकतान्त्रिक २. गैरकानूनी ३. टिरैनिकल ४. अ-वैज्ञानिक ५. एलिटिस्ट कह रही है.

वैसे सच पूछिए तो मैं इन आरोपों में जनता के साथ हूँ. अब आप पूछियेगा कि जब आप ने जनता की भलाई के लिए ये बैन ठोका है, तो ऐसे आरोप कायकू? तो आइये इन आरोपों का विश्लेषण करें.

मिलौड़, आपको सन १८५७ की क्रांति का बिगुल बजाने वाले #मंगल_पाण्डे जी की कहानी तो स्मरण होगी ही. अंग्रेजों ने भारतीय सैनिकों को गाय और सूअर की चरबी वाले कारतूस प्रयोग करने के लिए विवश करने के प्रयत्न किये. हो सकता है कि ये कारतूस उन सैनिकों के लिए बेहतर होते, परन्तु वे उनका चुनाव नहीं थे - और ये पूरी घटना प्रतीकात्मक-सिम्बोलिक थी. लोगों को अपने भले-बुरे का चुनाव स्वयं करने की स्वतंत्रता चाहिए थी... विशेषकर उन विषयों में, जिनसे उनके जीवन के मूलभूत विश्वास जुड़े थे, आस्था जुड़ी जुड़ी थी.

१. #अलोकतान्त्रिक
भारत के सम्विधान के अनुसार हम "सॉवरेन, सोशलिस्ट, सेक्युलर, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक" अर्थात "स्वायत्त, समाजवादी, धर्म-निरपेक्ष, लोकतान्त्रिक गणतंत्र हैं" - लोकतंत्र और गणतन्त्र की परिभाषा के अनुसार इस देश का प्रशासन, इस देश की जनता द्वारा चुने हुए प्रतिनिधि चलाएंगे. यही प्रतिनिधि इस देश के संविधान में आवश्यकतानुसार विधियों/लॉज़ को जोड़,घटा अथवा बदल सकते हैं.

भारत में जजों की नियुक्ति कैसे होती है? कोलेजियम द्वारा - मने, आपस में ही बैठ कर आप सब न्यायाधीश इस बात का निर्णय लेते हैं कि कौन-कौन जज बनेगा. इस विषय पर सविस्तार विडियो बनाऊंगा, परन्तु ये बात तो तय है कि आप की नियुक्ति-प्रक्रिया में जनता के मत का कोई स्थान नहीं है. मैं ये नहीं कह रहा कि इस प्रक्रिया में जनता का हस्तक्षेप होना चाहिए... अपितु मेरा कहना ये है कि लोकतन्त्र अथवा गणतन्त्र की परिभाषा के अनुसार दिवाली पर कोर्ट द्वारा सुनाए गए निर्णय लेने का का अधिकार कोलेजियम द्वारा नियुक्त किये गए लोगों को नहीं है - ये अधिकार जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का है, और उसकी भी एक प्रक्रिया है. यहीं पर जनता का दूसरा आरोप आता है -

२. #गैरकानूनी
ये बात मैं नहीं, सर्वोच्च न्यायलय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश, अर्थात सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज न्यायमूर्ति मार्कंडेय काटजू जी कह रहे हैं. उनका कहना है कि -
"पटाखे फोड़ने के लिए समय-सीमा तय करने हेतु कोई कानून नहीं है, ना ही केवल ग्रीन-क्रैकर्स फोड़ने की अनुमति देने वाला कोई लॉ है. लॉ बनाने का काम विधान-मण्डल का है, ना कि न्यायपालिका का."

"यदि ऐसा कोई लॉ होता तो जज उसे एनफोर्स कर सकते हैं, परन्तु स्वयं नए कानून नहीं बना सकते. अतएव, दिवाली के पटाखों पर दिया गया ये निर्णय वैधानिक दृष्टिकोण से प्रभावहीन है"... सामान्य भाषा में कहा जाए तो "एकदम लुल्ल निर्णय" था ये.

३. #टिरैनिकल अर्थात #अत्याचारी
जब आप का निर्णय अपने आप में कोई वैधानिक औचित्य - #लीगल_इफेक्ट नहीं रखता, तो आप उसे पुलिस द्वारा एनफोर्स भी नहीं करवा सकते. परन्तु विभिन्न राज्यों में लोगों को अरेस्ट तो किया गया. सच पूछा जाए तो अधिकाधिक आप पटाखे फोड़ने पर आप लोगों को न्यायलय की अवमानना - #कंटेम्प्ट_ऑफ़_कोर्ट के आरोप में अपने यहाँ हाजिरी लगाने नोटिस भेज सकते थे, और कुछ अहिं. तो क्या ये जजों की #टिरैनी नहीं हुई?

क्या ये ठीक उसी प्रकार नहीं हुआ जैसा अंग्रेजों ने भारतियों के साथ किया था - जबरन गाय और सूअर के कारतूसों को दाँतों से छीलने लगाया था? जो मन में आया, वो करवाया?

४. #अवैज्ञानिक
सर, मेरा मोटापा बढ़ रहा है. मुझे क्या करना चाहिए? जिसे भी इस विषय पर तनिक भी नॉलेज होगा वो आपको बताएगा कि सबसे पहले खाने में शुगर और तलन वाले पदार्थ बंद करिए. साथ में थोड़ा व्यायाम कीजिये. अब जो स्वास्थ्य के प्रति सचमुच गंभीर होगा, वो इन बातों पर तुरंत अमल करेगा. परन्तु जिसे केवल दिखावा करना है, वो वैसे तो सब पिज्जा-बर्गर और अंट-शंट ठूँसेगा, परन्तु सब के सामने चाय में "शुगर-फ्री" लेगा ---- इसे ही कहते हैं "गुड़ खाए, गुलगुले से परहेज!"

तो बात ये है, कि पिछले कुछ वर्षों से लिबरलों, पत्रकारों और एलिटिस्ट लोगों के दिवाली पर प्रदूषण के नाम के #रुदाली_विलाप के कारण जनता ने इस गंभीर समस्या पर शोध प्रारम्भ की... जिसके फलस्वरूप लोग जान गए कि ये पटाखों का प्रदूषण "चाय की शक्कर" समान ही है. वास्तविक प्रदूषण तो खेतों में पराली जलाने से, कारखानों और वाहनों से हो रहा है. और तो और, खेतों वाला प्रदूषण भी इतनी बड़ी समस्या एक #कानून के कारण बनी - जिसका अधिकतर जनता को पता ही .नहीं. इसपर भी अलग वीडियो बनाऊंगा. पर बात की बात वही रही कि जब घर की छत टपकने लगे तो आप लोगों को रेनकोट पहनने को कह रहे हो. क्यों? क्योंकि कुछ एलिटिस्ट लोगों ने इसी बात की हवा बनाई हुई है और आप को इस बात से कोई अंतर नहीं पड़ता कि सच में समस्या का समाधान क्या है!

५. #एलिटिस्ट
अब आते हैं इस पूरे विषय के निचोड़ पर - मिलाड, आप एलिटिस्ट हो!

लीजिये, कह दिया - खुले-आम, छाती ठोक कर! क्या करोगे? जिस प्रकार न्यायलय पर प्रश्न उठाने वाले हमारे पिछले वीडियो को कोर्ट ऑर्डर भेज कर बैन करवाया था, वैसे ये आर्टिकल भी बैन करवाओगे? कल्लो, जो बन पड़े. मैं तो ये भी घोषणा कर रहा हूँ कि आप के पिछले कोर्ट ऑर्डर के विरुद्ध भी विडिओ बनाऊंगा.

अब पुनः विषय पर आता हूँ. जब इस बात का ना कोई #वैधानिक आधार है, ना ही #वैज्ञानिक और ना #तार्किक - तब आप ने पटाखों पर ये निर्णय सुनाया तो सुनाया कैसे? "मेरी मर्ज़ी"?

सर, आप के बंगलों में जो दो-दो टन के एसी लगते हैं ना...उनसे कितना प्रदूषण होता है? आप जिन कारों में खावाखोरी करते हैं, उनसे कितना प्रदूषण होता है?

सबसे अधिक प्रदूषण तो आप और सारी एलीट, साधन-संपन्न, धनवान जनता करती है.

दिवाली किसके लिए सबसे अधिक इम्पोर्टेन्ट है, पता है? माध्यम वर्गीय और उनसे नीचे के हिन्दुओं के लिए. मुट्ठी-भर पटाखे फोड़ कर बच्चों की आँखों में दीपक जल उठते देखना अपने आप में जो सुख है, वो आप क्या जानो! ये सुख वे क्या जानें जिनके पास त्योहारों पर छाती कूटने के छोड़ कुछ नहीं होता!

सर, तुलना करिए कि सबसे अधिक कार्बन फुटप्रिंट किन लोगों का होता है - समाज के आर्थिक रूप से दुर्बल परिवारों का या आप धनाढ्यों का? ये ट्रेन-बसों में धक्के खा-खा कर यात्रा करने वाले... ये गर्मी में पसीना-पसीना होने वाले... ये आज भी घड़े का पानी पीने वाले... इनपर आप धौंस जमा रहे हो?

कौन हैं ये धौंस जमाने वाले... आते कहाँ से हैं?

इन्हें दिवाली पर एकदम से अपने कुत्तों की चिंता होने लगती है. पर जब हम अपनी कटती गौ-माता की रक्षार्थ गुहार लगाते हैं तो हम कम्युनल गुण्डे हो जाते हैं?

आप के #टौमी हमारी #कामधेनु से अधिक इम्पोर्टेंट हो गए? क्यों? क्योंकि हम सामान्य जनता हैं और आप सब ... सब माने, #एक्टिविस्ट, #एनजीओ, #पत्रकार, #सेलेब्रिटी और #जज... आप सब के सब ऊँचे महलों में रहने वाले?

निकल आया ना सत्य इस मन्थन से -- सामान्य जनता के विरुद्ध आप... आप जो #सामाजिक_न्याय अर्थात #सोशल_जस्टिस की बड़ी बड़ी बाते करते हो. इस #ट्रिकल_डाउन_सिस्टम में आप ऊपर बैठ पानी से अपने स्विमिंग पूल भरते हो, तत्पश्चात हमें होली पर "पानी की बर्बादी" वाला प्रवचन देते हो.

फ़्रांस में जब जनता भूखी थी, तो रानी ने कहा कि यदि तुम्हारे पास खाने के लिए ब्रेड/रोटी नहीं है, तो केक खा लो. उस जनता ने जो किया, उससे कुछ सीख लीजिये, माईबाप.

भवदीय

आशुतोष साहू 'साहूकार'
Ashutosh O. Sahu #SahuCar

Sunday, November 3, 2013

दिवाली और वॉचमैन का बेटा

॥श्री॥ 

पिछली दीपावली कि बात है। हमने तो नहीं ख़रीदे पर पापा को उनके किसी मित्र नें एक बड़ा बक्सा भर के पठाखे उपहार में दिए थे। बचपन कि बात और थी जब बिल्डिंग के मित्रों के साथ पटाखे फोड़ा करता था। अब कईयों कि नौकरी किसी और शहर में लग चुकी थी या फिर उन्होंने कहीं और घर ले लिया था। मेरे हमउम्र तो सारे जैसे गायब ही हो चुके थे। बस छुटके बच्चों को यहाँ से वहाँ फुलझड़ी लिए दौड़ते देख रहा था। अब पटाखे अकेले छुड़ाने में क्या मज़ा? दीवाली कि पूजा-पाठ कर के उठा तो मम्मी ने कुछ बचे हुए पटाखे मेरे हाथ में रख कर कहा कि आज के दिन कुछ तो पटाखे फोड़ने ही चाहिए। उन्होंने लगभग सारे पटाखे हमारे यहाँ की कामवाली दीदी को उनके बच्चों के लिए दे दिए थे और थोड़े से मेरे लिए बचा रखे थे। अब बच्चों के बीच में इतना बड़ा सांड पटाखे फोड़ते अच्छा थोड़े लगता है! पर मेरी माताश्री को कौन समझाए?

अनमना सा पटाखों कि थैली ले कर मैं बिल्डिंग के नीचे उतरा। सारे बच्चे पटाखों का आनंद उठा रहे थे।
नोबिन
मैं एक किनारे खड़े हो कर सब की मस्ती देखने लगा कि इतने में मेरी नज़र दूर खड़े वॉचमैन के ६-७ साल के बेटे पर पड़ी। किसी ने दो फुलझड़ियाँ दे दी थीं उसे, उसी में खुश हो गया… थोड़ी देर के लिए। फिर चुप खड़ा हो कर सब कि ओर ताकने लगा। कुछ सोचे बिना यूँ ही मैंने उसे आवाज़ लगा कर बुलाया और फुलझड़ी हाथ में थमा कर बोला "चल पटाखे फोड़ेंगे", आँखों में चमक आ गई छोकरे की! भाग कर अपने पिताजी के पास से दिया और माचिस ले आया और मेरे ही पास खड़ा हो कर फुलझड़ी जला कर उसे गोल गोल घुमाने लगा। खुशियां, हंसी और उत्साह बड़ी ही संक्रामक होती हैं - मुझे भी जोश आ गया। एक अनार निकाला और हो गयी रौशनी कि बरसात। अनार, सुतली बम, चक्र, फुलझड़ियाँ… हम दोनों ने मिल कर सब फूँक डाले। जब सारे पटाखे ख़तम हो गए तो लड़का उछल उछल कर तालियां बजा रहा था। इतने में कुछ और लोगों ने भी थोड़े से पठाखे उसे ला कर दे दिए। मैंने सोचा कि मेरा काम यहाँ ख़त्म , पर नहीं! लड़का सरे पटाखे ले कर मेरे पा दौड़ा आया और बोला "चलो न भैया, इनको भी फोड़ेंगे"…

आज तक शर्मीला सा चुपचाप सा 'नोबिन' अब रोज़ मेरे आते जाते मुझे आवाज़ ज़रूर लगाता है। मुट्ठी भर पटाखों के बदले ढेर सारी हंसी - सौदा बड़ा सस्ता था!
॥ शुभ दीपावली ॥

Monday, April 15, 2013

Technology and Ashirwad



A morning walk on beach is good for body, mind and soul. while the walk exercises the body, the mind gets time to ponder over things that we often overlook in our day to day life. The wind on your face with the sound of the waves make for a perfect setting. It is often at such a time and place, that you may stumble upon a pearl of wisdom.

During my morning walk today, as I walked past by a few sandcastles, I overheard a small conversation between a young lad, maybe around 21 years old, and an old retired couple. The boy was trying hard to explain some deep-techie-Gyan in simple Hindi. It appeared that the old couple had some technical difficulty with their new Mobile phone and asked the young man for assistance. Though I hope their problem was solved, It is difficult to conclude the same. The Old man while leaving placed his palm over the Lad's head -
an age old Hindu way of giving your blessings to someone. As they parted, the 3 of them shared smiles.

Normally, I wouldn't have  even noticed this conversation, but watching them all smile as they walked away made me think - how technical difficulties can help us overcome the giant gap between generations, New and Old - how a difficulty can be changed into an opportunity. The couple in asking the Lad for assistance, let go off their ego. Ego left and smiles blossomed.

While the young can help the elderly with technology, let us not forget, the former is equally in need of  spiritual guidance and support from the latter. Unlike earlier times, the exchange now is two way and the need to share is greater than ever. The key is to lose the EGO. The opportunity is here, lets embrace it. Let us RECONNECT.

Wednesday, March 27, 2013

भांग कहाँ है ... कहाँ है भांग?

होली से ठीक एक दिन पहले मैं बाज़ार में पागलों की तरह भांग ढून्ढ रहा था। जहाँ-जहाँ मिलने की आशा थी पूछ लिया पर निराशा ही हाथ लगी। मन मार कर घर की ओर निकल लिया। 'शिकार के समय कुतिया हगाने' का यही परिणाम होता है! हमेशा काम में देरी। अब भुगतो!

पता नहीं हम महाराष्ट्र की जनता ने क्या पाप किया है कि यहाँ भांग पर रोक लगी हुई है, जबकि राजस्थान में तो सरकारी भंग की दुकानें हुआ करती हैं। आप देश की सरकार चुनने के लिए वोट तो १ ८  साल कि आयु में डाल सकते हैं परन्तु मदिरापान की अनुमति २५ वर्ष की आयु से ही मिलेगी। इस आयु-सीमा के बावजूद हर गली-नुक्कड़ पर दारु की दुकान/बार दिख जायेंगे। सरकार धूम्रपान के हर दृश्य पर 'चेतावनी' दिखाने का नियम बना सकती है परन्तु दारु-शराब पर 'हमका पीनी है' और 'गिलासी' जैसे गानों पर कोई आपत्ति नहीं।
बस रोक है तो भांग पर! बेचारा सा भांग! सरकार को मदिरा/शराब जैसे मुनाफे कमा कर नहीं दे सकता ना! बाजारवाद की इस भागमभाग में इसी कारण पिछड़ कर दूर किसी जंगल में जा बैठा है। ...बस इसी उधेड़-बुन में होलिका दहन कर मैं सो गया। आज सवेरे खूब होली भी खेली ...पर भांग का खयाल मन से गया नहीं था।

होली खेल कर थके-हारे हम दोस्त-यार बैठे बात ही कर रहे थे कि इतने में किसी को खबर मिली की भांग कहाँ से लाया जा सकता है। बस फिर क्या था, सारे लौंडे अपनी-अपनी फटफटी (Bike) पर सवार हो निकल लिए। जानते हो कहाँ मिला भांग? एक पान की दूकान पर ..... जो की ठीक पुलिस थाने की बगल में था!
जय हो भोलेनाथ ...तुम्हारी लीला अपरम्पार है! ;)

Tuesday, March 26, 2013

रोक सको तो रोक लो मुझको मैं तो होली मनाऊंगा।

रोज़ रोज़ की हो गई चिक-चिक, रोज़ रोज़ के नारे
कथनी-करनी में अंतर पर डींग मारते सारे
थोथे आदर्शवादियों सुनलो, जो कहता हूँ करके दिखलाऊंगा
रोक सको तो रोक लो मुझको मैं तो होली मनाऊंगा।

तुमको रहना हो तो रहो बेरंग, मैं तो अबीर उड़ाउंगा
जीवन में है कठिनाइयाँ सहस्त्र, खिल्ली उड़ाकर उन्हें निपटाऊंगा
जिन सब से थी अनबन उनको भी मैं तो गले लगाऊंगा
रोक सको तो रोक लो मुझको मैं तो होली मनाऊंगा।

पानी की किल्लत है कहते हो? मत करिए स्नान सप्ताह एक
जो ये कर पाए तुम, सम्मुख तुम्हारे नतमस्तक हो जाऊंगा
और जो न कर पाए तो फिर तुमको भी रंगों में भिगाऊंगा
रोक सको तो रोक लो मुझको मैं तो होली मनाऊंगा।

तुम मदिरा के लोभी, भांग की मादकता क्या जानोगे!
पर जो पथ काटा फिर मेरा, धतुरा तुमको चखाऊंगा।
रोक सको तो रोक लो मुझको मैं तो होली मनाऊंगा।
रोक सको तो रोक लो मुझको मैं तो होली मनाऊंगा।
- आशुतोष साहू 

'बुद्धिजीवियों' की बातों में न आयें, होली कुछ यूँ मनायें

ये देवी जी तो होली में रंगों पर ही आक्षेप(attack) कर बैठीं!
अभी कुछ ही दिन पहले महाशिवरात्रि का पर्व था। जहाँ श्रद्धालु अपने प्रिय भोलेनाथ को श्वेत पुष्प, धतुरा और दूध चढ़ा रहे थे, वहीँ दूसरी ओर लोग दूध की बर्बादी की दुहाई देते न थक रहे थे। ये नौटंकी थमी नहीं थी कि अब आई है होली की बारी और सरे बुद्धिजीवी एक स्वर में 'होली में पानी की बर्बादी' की दुहाई देने जुट गए हैं। इन सारे तथाकथित बुद्धिजीवियों से मैं पूछना चाहूँगा कि इस जीवन में जहाँ इतनी कठिनाइयां हैं, जहाँ हर मोड़ पर कोई दुःख-तकलीफ जबड़ा फाड़े खड़ा है, वहां सामान्य-जन के खुल के हंसने के मौके क्यों छीनने में लगे हो भाई? आप बात तो ऐसे कर रहे हो की अगर हम होली और दिवाली मनाना छोड़ दें तो भारत में सब को शुद्ध पेय-जल और शुद्ध वायु मुहैया हो जाएगी। आपको पानी की बर्बादी की इतनी ही चिंता है तो जल संचय के कुछ नुस्खे बता रहा हूँ। स्वयं इनका पालन करें तथा अपने परिवारजनों से भी करवाएं। और जो न कर पाएं तो आयें,हमारे साथ होली का आनंद उठाएं :

बुरा न मानो होली है! 
१- प्रातः -क्रिया में पृष्ठ-प्रच्छालन (पिछवाडा धोने) हेतु जल की जगह 'टिशु पेपर' का प्रयोग करें। जल-संचय के अलावा इसका अनुसरण करने से आप अंग्रेजों जैसे 'सभ्य' बन जायेंगे।

२-स्नान हेतु फव्वारे (शावर) का प्रयोग न कर, केवल बाल्टी के जल का प्रयोग करें।अपना स्नान एक बाल्टी पानी में निपटाने का प्रयास करें।एक बाल्टी में स्नान न हो पाए तो सप्ताह में एक-दो बार से अधिक न नहाएं।शरीर की दुर्गन्ध भगाने हेतु axe डियो तो है ही!

३- अपने वाहनों को धोने हेतु बाल्टी का प्रयोग करिए। इस क्रिया को भी एक बाल्टी में निपटाएं।

४- जिस पानी से कपडे धोये हों, उसको फेंकने की जगह उसे घर में पोछा लगाने में प्रयोग में लायें।

निम्नलिखित नुस्खों का प्रयोग मात्र एक सप्ताह  में इतना जल बचा देगा कि आप अगले एक सप्ताह तक होली खेल पाएंगे। अब तो मुस्कुरा लीजिये और आइये फागुन के गुण गाइये।

NB: और हाँ, तेल लगा कर ही होली खेलने आइयेगा, नहीं तो रंग आसानी से नहीं जायेगा। :)

Sunday, March 10, 2013

क्यों रोकते हो मुझे शिवरात्रि पर दूध चढाने से ?

"मैंने अपने हिस्से का दूध बचा के रखा था, उनके शब्दों में 'अन्धविश्वास के नाले' में गिराने के लिए; नही किया होता तो मेरे पेट में जाता ..... इसमें उम्मीद है आपत्ति नही होनी चाहिए किसी को .... और इन भूखों को कितने शिवलिंग पर दूध नही चढाने वालों ने दूध पिलाया है आज, ये तो मालूम नही मुझे ... आप ही बता दो मालूम हो तो"  मेरे ह्रदय की उद्द्विग्न भावनाओं को अभिव्यक्ति देते ये शब्द हैं कविवर प्रकाश 'पंकज' के। 

शिवरात्रि पर दूध की बर्बादी, शनिवार को तेल की बर्बादी, पूजा-पाठ में अक्षत के रूप में चांवल की बर्बादी, दिवाली में पटाखों से ध्वनि-प्रदूषण, वायु-प्रदूषण और पैसों की बर्बादी, होली में पानी की बर्बादी ... अरे भाई साँस लेने पर भी कुछ बोल दीजिये, है तो आखिर ऑक्सीजन की बर्बादी ही न !

अगर मैं भगवन शंकर को दूध चढ़ाता हूँ तो वो इस विश्वास के साथ की प्रभु इस धरती पर सब पर कृपा करेंगे । " ॐ नमः शिवाय" मंत्र के बाद "सर्वे भवन्तु सुखिनः ..." भी कहता हूँ। मेरी प्रार्थना में वे दरिद्र-नारायण भी शामिल हैं जिनका उल्लेख आपने मेरी आस्था की आलोचना में किया था।  मेरे विश्वास को गाली देने का अधिकार किसने आपको दिया? अगर आप इतने ही आदर्शवादी हैं तो पहले जाइये उन कटती गौ माताओं को बचाइए ... जाइये ईद पर कटते बकरों को बचाइए। दिवाली से कहीं अधिक ध्वनि और वायु प्रदुषण न्यू इयर मनाने में कर जाते हैं लोग, पहले उन्हें रोकिये। वलेंटाइन डे पर फूलों, कार्डों और पैसों की बर्बादी नहीं दिखती आपको? बात यहाँ केवल आदर्शवाद की ही नहीं, अपितु असहिष्णुता की भी है ... विश्वास की भी है। केवल मेरे धार्मिक विश्वासों पर ही प्रश्नचिन्ह क्यों? 

आशा करता हूँ की आपको ये ज्ञात होगा की भीख मांगना भी एक दंडनीय अपराध है। विश्वास न हो तो ये लिंक देख लीजिये - THE BOMBAY PREVENTION OF. BEGGING ACT, 1959  क्या इसका मतलब ये नहीं की भिखारियों को भीख देना अपराध में  भागीदार होने जैसा है।अगर ये दूध मैं शिवलिंग पर न चढ़ा कर भिक्षा में किसी को दे दूं , तो क्या ये उचित होगा? क्या मैं लोगों को मेहनत की रोटी कमाना छोड़ कर भीख मांगने के लिए प्रेरित नहीं करूँगा ऐसे में? इसपर क्या कहना चाहेंगे आप?कम से कम जब में दूध खरीदता हूँ तो एक मेहनतकश दूधवाले को उसके मेहनत का फल मिलता है ... उसके परिवार का खर्च चल पाता है। आप मेहनत या भीख की रोटी में से किसे चुनना पसंद करेंगे?

मेरी आपसे करबद्ध प्रार्थना है की ये खोखला आदर्शवाद आप अपने और अपने परिवारजनों की लिए ही सम्हाल कर रखें, इससे मुझे और मेरे प्रियजनों को दूषित करने का प्रयत्न न करें। मेरे भोले-भंडारी को आपके दूध न चढाने से कोई फर्क नहीं पड़ता, अपितु अगर आप  सचमुच अपने आदर्शवाद का पालन कर हर शिवरात्रि किसी दीन-हीन के भूखे बच्चे को दूध पिलायेंगे तो मुझे पूर्ण विश्वास है की  भोले-बाबा आपसे अति प्रसन्न होंगे। तो घर बैठे आलोचना करना छोडिये और एक लोटा दूध खर्च कर आइये।

बम बम भोले ... हर हर महादेव